डीएम ने दिए विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश ( रेलवे रोड विद्युत कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण ) रिपोर्ट नितिन तिवारी

डीएम ने दिए विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश ( रेलवे रोड विद्युत कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण )

एटा ! जनपद में विद्युत व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं उपभोक्ता हितैषी बनाए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविंद सिंह द्वारा कार्यालय विद्युत नगरीय वितरण खंड रेलवे रोड का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्युत उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, बिल भुगतान व्यवस्था एवं शिकायत निस्तारण प्रणाली की विस्तार से समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने कार्यालय पहुंचकर उपभोक्ताओं द्वारा जमा कराए जा रहे विद्युत बिलों तथा उनसे संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान एसडीओ दिलीप कुमार भारती ने अवगत कराया कि शासन के निर्देशानुसार प्रीपेड व्यवस्था के स्थान पर पोस्टपेड व्यवस्था को पुनः संचालित कर दिया गया है तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकांश उपभोक्ताओं द्वारा ऑनलाइन माध्यम से विद्युत बिलों का भुगतान किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता एवं सुविधा में वृद्धि हुई है।

अधीक्षण अभियंता विद्युत नगरीय सत्यनारायण ने जिलाधिकारी को जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित फीडर के माध्यम से जीटी रोड, रेलवे रोड, माल गोदाम, शांति नगर सहित नगरीय क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से संचालित की जा रही है तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु कार्यालयीय व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने के निर्देश दिए !

Leave a Comment