*नगर पालिका प्रशासन ने शुक्रवार को शहर के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया। इसकी शुरुआत गांधी मार्केट से हुई*
*जल्दी एटा में सोमवार को अन्य बाजारों में भी इसी तरह के अभियान चलाया जाएगा*
एटा। नगर पालिका प्रशासन ने शुक्रवार को शहर के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया। इसकी शुरुआत गांधी मार्केट से हुई जहां अभियान के दौरान नगर पालिका टीम और व्यापारियों के बीच जमकर नोकझोंक हो गई।शहर के मुख्य बाजारों में दुकानों के बाहर फैला सामान लगातार जाम की समस्या को बढ़ा रहा है। इसके बावजूद कई दुकानदार चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं थे। आईआई राकेश कुमार गौरव ने बताया कि कई दिनों से मुनादी कराकर दुकानदारों को साफ निर्देश दिए गए थे कि सड़क और फुटपाथ पर कब्जा न करें लेकिन इसका असर नहीं हुआ। अभियान के दौरान तनावपूर्ण माहौल तब बना जब टीम ने दुकानों के बाहर रखा सामान हटाना शुरू किया। इस पर कुछ दुकानदारों ने विरोध जताया जिससे कहासुनी तेज हो गई। मौके पर मौजूद ईओ नगर पालिका निहाल सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कीमत पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान की कार्रवाई जारी रहेगी। अतिक्रमण अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे टिनशेड और अन्य सामान को जीसीबी मदद से हटवाया गया। वहीं, 3000 रुपये का चालन भी वसूला गया। अभियान के दौरान तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय, केएनए जगजीवनराम और कोतवाली नगर पुलिस बल की मौजूदगी बनी रही। अधिकारियों ने बाजार के व्यापारियों को दोबारा चेताया कि यदि आगे भी दुकान के बाहर सामान फैला मिला तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए नगर पालिका ने बताया कि सोमवार को अन्य बाजारों में भी इसी तरह के अभियान चलाया जाएगा






