माताएँ करें अपने दुग्ध का दान.. बचेगी नवजात शिशुओं की जान, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*माँ का दूध हर नवजात का अधिकार.. यही है स्वस्थ भविष्य का आधार..*

 

*माताएँ करें अपने दुग्ध का दान.. बचेगी नवजात शिशुओं की जान*

 

*गर्भाधान संस्कार एवं मेटरनिटी होम प्रताप नगर में उत्तर भारत के प्रथम ‘मुंशी पन्ना मातृ-शिशु दुग्ध बैंक’ का हुआ शुभारंभ एवं लोकार्पण*

 

 

 

आगरा। नवजात शिशुओं की जीवन- रक्षा एवं मातृ-दूध के संरक्षण हेतु श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट द्वारा की गई अनूठी सेवा पहल के अंतर्गत मंगलवार को प्रताप नगर स्थित गर्भाधान संस्कार एवं मेटरनिटी होम पर उत्तर भारत के प्रथम आधुनिक तकनीक युक्त ‘मुंशी पन्ना मातृ-शिशु दुग्ध बैंक’ का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया गया। मुख्य अतिथि एसएन मेडिकल कॉलेज की स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा सिंह ने इस सेवा प्रकल्प की सराहना करते हुए कहा कि यह मदर मिल्क बैंक नवजात शिशुओं के लिए जीवनदाई साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस बैंक द्वारा अस्पताल में जरूरतमंद शिशुओं को माँ के दूध की आपूर्ति हो सकेगी। साथ ही, जिन शिशुओं की माँ की मृत्यु हो जाती है, उनके लिए भी दूध उपलब्ध हो सकेगा। विशिष्ट अतिथि लेडी लॉयल हॉस्पिटल कीअधीक्षक डॉ. पुष्प लता ने कहा कि यह उत्तर भारत में अपनी तरह की एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल है। माँ का दूध अमृत के समान है। नवजात शिशुओं को समय पर माँ का सुरक्षित एवं पोषक दूध मिलने पर कुपोषण से बचाव होगा और शिशु मृत्यु दर में भी कमी आएगी। नवजात शिशुओं का स्वास्थ्य- संरक्षण होगा। विशिष्ट अतिथि एसएन मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार कहा कि माँ का दूध हर नवजात का अधिकार है। यह स्वस्थ भविष्य का आधार है। इस अनूठे सेवा प्रकल्प के प्रमुख दानदाता मुंशी पन्ना मसाले परिवार से श्रीमती कृष्णा गोयल और श्रीमती सुलेखा गोयल ने कहा कि धन वही सार्थक है जो किसी की जीवन-रक्षा के साथ समाज के हित में काम आ सके। हम इस जीवनदाई सेवा प्रकल्प से जुड़कर आत्मिक संतुष्ट का अनुभव कर रहे हैं। समारोह में डिप्टी सीएमओ डॉ. पीयूष जैन, डॉ. सुधा बंसल, डॉ. आरके मिश्रा, कांता माहेश्वरी, रश्मि मगन भी मंच पर रहीं। श्री चंद्रभान साबुन वाले सेवा ट्रस्ट के महामंत्री मनोज अग्रवाल, राजीव जैन, अंकुर अग्रवाल, सचिन गोयल, राजकुमार गर्ग, राकेश गर्ग और नरेंद्र अग्रवाल ने व्यवस्थाएँ संभाली। रमेश चंद्र अग्रवाल ने संचालन किया।

Leave a Comment