*आर.बी.एस. कॉन्वेंट स्कूल के वार्षिकोत्सव में जीवंत हुआ इतिहास:*
*महाभारत’ और ‘1971’ के मंचन ने दर्शकों को किया भावविभोर*
आगरा। नुनहाई स्थित आर.बी.एस. कॉन्वेंट स्कूल में रविवार (3 मई 2026) को वार्षिकोत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। यह आयोजन केवल रंगारंग प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, समर्पण और कठोर परिश्रम की अद्भुत झलक भी प्रस्तुत करता रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, ऊर्जा और रचनात्मकता का अनोखा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री वीरेंद्र कुमार मित्तल (प्रदेश महामंत्री, भारतीय श्रमिक कामगार कर्मचारी महासंघ BJP; जिला अध्यक्ष, क्रीड़ा भारती एवं चेयरमैन, MIGFRE ग्रुप) द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री श्याम सुंदर अग्रवाल (वरिष्ठ भाजपा नेता), श्रीमती निर्मल चौहान (प्रधानाचार्या, AVMD) तथा श्रीमती प्रतिभा (अप्सरा हेड, आगरा) की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री वीरेंद्र कुमार मित्तल ने कहा कि “विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण की नींव है। आज के ये नन्हे कलाकार ही आने वाले भारत का भविष्य हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि “जो बच्चे मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं, वही आगे चलकर समाज और देश का नेतृत्व करेंगे।मंच पर उतरीं ऐतिहासिक गाथाएं कार्यक्रम का सबसे आकर्षक केंद्र रहा मंचन, जिसमें विद्यार्थियों ने इतिहास और देशभक्ति को जीवंत कर दिया। ‘महाभारत’ के पात्रों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस उत्कृष्ट प्रस्तुति को ‘बेस्ट ग्रुप एक्ट’ (विजेता) का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, देशभक्ति से ओत-प्रोत नाटक ‘1971’ और ‘भगत सिंह’ के मंचन ने दर्शकों की भावनाओं को झकझोर दिया। इन प्रस्तुतियों ने न केवल आंखें नम कर दीं, बल्कि हर दर्शक के हृदय में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया। सितारों का सम्मान कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया: नंबर 1 सोलो स्टार (विजेता): कनिष्का — ‘हॉरर चंद्रमुखी’ डांस के लिए स्टार ऑफ द ईयर: मास्टर शौर्य यादव एवं मास्टर यश कुमार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पुरुष): हिमांशु शर्मा (‘याह्या खान’ – 1971) एवं सारांश गोला (‘सैम बहादुर’ – 1971) सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री: राधिका गुप्ता (‘अर्जुन’ – महाभारत) एक टीम,एक सपना विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री वीरेंद्र सिसोदिया एवं प्रधानाचार्या श्रीमती नीतू सिसोदिया ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “हर बच्चा अपने आप में एक विजेता है, आवश्यकता केवल उसके हुनर को पहचानने और निखारने की होती है।वाइस प्रिंसिपल मिस्टर विशाल वर्मा के नेतृत्व में पूरी टीम— मिस गौरी राठौर, मिस गरिमा, मिस्टर भूपेंद्र, मिस्टर रिंकू और मिस्टर नरेंद्र— ने इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






