जिला स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु डीएम ने दिए कड़े निर्देश
जननी सुरक्षा, टीकाकरण, आशा भुगतान एवं एम्बुलेंस सेवाओं की गहन समीक्षा
रिपोर्ट बृजकिशोर दीक्षित जिला महासचिव भारतीय मीडिया फाउंडेशन नेशनल एटा (इलेक्ट्रॉनिक एंड प्रिंट मीडिया)
एटा: जिलाधिकारी अरविंद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गत बैठक की कार्यवाही की समीक्षा के उपरांत स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव, प्रसूताओं के भुगतान, राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम, टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, एम्बुलेंस सेवा (102/108) सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि एएनएम एवं आशा प्रसूताओं का डेटा समय से आशा डायरी में अंकित कर ऑनलाइन फीड करें, जिससे जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो। जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों के भुगतान में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत टीकाकरण अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा सभी बच्चों को समय से टीके लगाए जाएं। टीकाकरण के संबंध में आम जन में जो भ्रांतियां प्रचलित हैं, उन्हें जन जागरूकता के माध्यम से दूर किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। वीएचएनडी (VHND) दिवस पर बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की समुचित जांच सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरण एएनएम एवं आशाओं के पास उपलब्ध रहें। अतिरिक्त चिकित्सा उपकरण बफर स्टॉक के रूप में स्वास्थ्य विभाग के पास मौजूद रहें।
एम्बुलेंस सेवाओं (102/108) की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा तैयार किए जाने वाले वित्तीय प्रस्तावों की जानकारी बैठक से पूर्व ही उपलब्ध कराई जाए।
परिवार नियोजन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने व्यापक प्रचार-प्रसार कर महिला एवं पुरुष नसबंदी के निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष्मान कार्ड धारकों को सूचीबद्ध अस्पतालों में बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराए जाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. बलबीर सिंह, बीएसए दिनेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत प्रजापति, डीपीआरओ राजकुमार मौर्य सहित समस्त एसीएमओ, एमओआईसी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






