*गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी व किसान हितैषी बनाने हेतु डीएम-एसएसपी का औचक निरीक्षण*
एटा – जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इलामरन ने जनपद में संचालित गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से एटा मंडी स्थित विभिन्न गेहूं क्रय केन्द्रों का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्रय केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि क्रय केन्द्रों पर बारदाने (बोरी) की उपलब्धता पर्याप्त एवं समय से सुनिश्चित की जाए,
जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक कांटों की नियमित जांच सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा
किसानों की उपज की तौल पूर्ण पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ की जाए।
किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की समुचित व्यवस्था, शौचालय एवं स्वच्छता जैसे आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि क्रय केन्द्रों पर किसानों को सम्मानजनक वातावरण प्रदान किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 इलामरन ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि क्रय केन्द्रों पर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए,
जिससे खरीद प्रक्रिया निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की दलाली अथवा अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः रोक लगाई जाए तथा किसानों को किसी भी प्रकार से परेशान न किया जाए।
जिलाधिकारी ने क्रय केन्द्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप ही गेहूं की खरीद की जाए तथा किसानों को भुगतान समयबद्ध रूप से उनके बैंक खातों में सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्यप्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे, उप जिलाधिकारी सदर स्वेता सिंह, तहसीलदार सदर नीरज वार्ष्णेय, खाद्य विपणन अधिकारी सुभाष मैथानी, मण्डी सचिव के.के. गुप्ता, पीसीयू जिला प्रबंधक सौरभ कुमार, लकी सक्सेना सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।








