*रिपोर्ट राहुल गुप्ता BMF न्यूज नेटवर्क शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश*
जनगणना की ट्रेनिंग में लापरवाही बरतने और अनावश्यक ड्यूटी कटवाने वाले पर दर्ज होगा मुकदमा : अपर जिलाधिकारी
आज तहसील कलान में जनगणना 2027 की ट्रेनिंग के अंतिम बैच का आयोजन किया गया, जिसका निरीक्षण अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) / जिला जनगणना अधिकारी द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पंचायत कलान एवं ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम बैच में चल रहे प्रशिक्षण का जायजा लिया।
जनपद में कुल 21 चार्ज ऑफिसर स्तर पर विभिन्न तहसीलों, नगर पंचायतों, नगर निगम एवं कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्रों में जनगणना प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रथम चरण 15, 16 एवं 17 अप्रैल, द्वितीय चरण 20, 21 एवं 22 अप्रैल तथा तृतीय चरण 23, 24 एवं 25 अप्रैल को आयोजित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं राष्ट्रीय महत्व का दायित्व है, जिसे पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ संपादित किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने यह भी कहा कि जो कर्मचारी प्रशिक्षण अथवा ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरत रहे हैं या अनावश्यक रूप से अपनी ड्यूटी कटवाने का प्रयास कर रहे हैं, उनके विरुद्ध जनगणना अधिनियम 1948 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, ऐसे कर्मचारियों का पंजीकरण कराते हुए विधिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
इसी दौरान यह भी अवगत कराया गया कि जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिकों को निर्धारित मानदेय प्रदान किया जाएगा। जनगणना कार्य संपादित करने पर लगभग 25,000 रुपये तक का मानदेय दिया जाएगा, जबकि प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले इन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजर को 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से प्रशिक्षण अवधि का मानदेय दिया गया तथा उनके प्रशिक्षण के दौरान चाय-नाश्ता एवं लंच की व्यवस्था भी की गई।
अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे समय से उपस्थित होकर प्रशिक्षण को गंभीरता से लें, ताकि आगामी जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी कार्मिकों से अपील की है कि वे जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता दें और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ करें।








