आगरा को मिला नया प्रशासनिक कप्तान, डीएम मनीष बंसल ने संभाला चार्ज
आगरा। ताजनगरी आगरा को मंगलवार को नया जिलाधिकारी मिल गया। मनीष बंसल ने दोपहर में पदभार ग्रहण कर प्रशासनिक कमान संभाल ली। कोषागार पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। चार्ज लेने के बाद उन्होंने स्टाफ से मुलाकात कर जिले में चल रही योजनाओं की समीक्षा की और प्राथमिकताएं तय कीं। इससे पहले जिले के डीएम रहे अरविंद मल्लप्पा बंगारी का तबादला कर उन्हें मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है।
मीडिया से बातचीत में डीएम बंसल ने साफ संदेश दिया कि आम जनता को न्याय के लिए दर-दर नहीं भटकना पड़े। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं का समाधान ब्लॉक और तहसील स्तर पर ही होना चाहिए। जिस स्तर की समस्या है, उसी स्तर पर उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
सरकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने पर जोर
नवागत डीएम ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं को तेजी से लागू करना उनकी प्राथमिकता होगी, ताकि हर पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आगरा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का लक्ष्य
डीएम बंसल ने आगरा को एक अंतरराष्ट्रीय पहचान वाला शहर बताते हुए कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने टीमवर्क पर जोर देते हुए कहा कि सभी विभाग मिलकर काम करेंगे।
मेट्रो और पेयजल, दो बड़े फोकस एरिया
शहर में चल रही मेट्रो परियोजना को लेकर उन्होंने माना कि आम जनता को कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मेट्रो से जुड़ी समस्याओं को समझकर उनका समाधान किया जाएगा। गर्मी के मौसम में पेयजल संकट नहीं होने दिया जाएगा। जल योजनाओं की मॉनिटरिंग तेज की जाएगी।
कौन हैं मनीष बंसल?
नवागत डीएम मनीष बंसल 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह सहारनपुर के जिलाधिकारी थे। मूल रूप से पंजाब के संगरूर से ताल्लुक रखते हैं। आईआईटी दिल्ली से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री लेने के बाद आईएएस बने हैं। वह 2014 बैच के आईएएस हैं। इनकी पत्नी मेघा रूपम गौतमबुद्ध नगर की डीएम हैं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के दामाद हैं। विजयनगर कालोनी में इनकी ससुराल है।








