विशेष रिपोर्ट – नवरात्रि उत्सव 2026
रिपोर्टर – कमल कुमार मिश्रा
बाबूपुर साथर में भक्ति का महासागर उमड़ा, नवनिर्मित भव्य दुर्गा पंडाल का हुआ लोकार्पण, रात भर गूंजा माता का जयकारा।


प्रयागराज / सरायममरेज। आदर्श माँ दुर्गा पूजा समिति बाबूपुर साथर में इस बार नवरात्रि का उत्सव ऐतिहासिक बन गया। सप्तमी के पावन अवसर पर नवनिर्मित भव्य एवं स्थायी दुर्गा पूजा पंडाल का शिलान्यास हीरावती मिश्रा पत्नी इन्द्र देव मिश्रा के कर-कमलों द्वारा विधि-विधान से सम्पन्न किया गया। जैसे ही पंडाल का पट खुला, पूरा गांव जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा।
यह पंडाल अब सिर्फ बांस-बल्ली का अस्थायी ढांचा नहीं, बल्कि माता रानी का स्थायी धाम बन गया है, जो आने वाले वर्षों तक बाबूपुर साथर की आस्था का केंद्र रहेगा।
पूजा-पाठ और श्रृंगार से सजी भक्ति –
आदर्श मां दुर्गा पूजा समिति के मुख्य पुजारी इन्द्र जीत मिश्रा अन्य पुजारियों के साथ नित्य माता रानी का दिव्य श्रृंगार, पूजा-पाठ और भजन सम्पन्न करा रहे हैं। सप्तमी से लेकर नवमी तक माता के नौ रूपों का अलौकिक श्रृंगार देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पंडाल की सजावट और लाइटिंग देखते ही बन रही है।
रात भर चला माता का जगराता, झांकियों ने मोहा मन –
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पल रहा माता का भव्य जगराता। प्रसिद्ध गायक कलाकार एवं माता के अनन्य भक्त अतुल पांडे अपनी समस्त म्यूजिकल टीम के साथ सम्पूर्ण रात्रि माता का जागरण सम्पन्न किया। उनके भजनों पर पूरा गांव झूम उठा। बीच-बीच में प्रस्तुत की गई अति सुंदर झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मैया का चोला है रंगला और लाल चुनरिया जैसे भजनों पर महिलाएं देर रात तक नाचती रहीं।
थाना प्रभारी ने दिया सुरक्षा का संदेश, मिशन शक्ति का किया प्रचार –
इस पावन अवसर पर थाना सरायममरेज के थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह अपने समस्त स्टाफ के साथ पूर्ण उत्साह के साथ गरिमामय उपस्थिति में पहुंचे। उन्होंने अपने वक्तव्य में बाबूपुर साथर के समस्त ग्राम निवासियों को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और माता के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
उन्होंने मिशन शक्ति फेज-06 के तहत माताओं एवं समस्त महिला वर्ग को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। महिलाओं को उनके अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों और आत्मरक्षा के बारे में विस्तार से बताया। थाना प्रभारी की इस पहल की ग्रामीणों ने खूब सराहना की।
विशाल भंडारे और सम्मान से सम्पन्न हुआ आयोजन –
बाबूपुर साथर के निवासी एवं रियल एस्टेट कारोबारी राजेश मिश्रा के द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। राजेश मिश्रा आयोजन के प्रबंधन, सौंदर्यीकरण और भक्ति माहौल से इतने प्रफुल्लित हुए कि उन्होंने वहां उपस्थित सभी कार्यकर्ता एवं कलाकारों को मंच से प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत किया, जो अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने मंच के माध्यम से कहा – माता रानी या अन्य किसी भी धार्मिक कार्यक्रम में हम तन, मन, धन से सदैव तत्पर रहेंगे। यह हमारा गांव है, यह हमारी आस्था है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष मनीष मिश्र एवं कोषाध्यक्ष महेन्द्र मिश्रा, अरविंद मिश्रा, पिंटू मिश्रा एवं समस्त कार्यकारिणी समिति के गणों ने अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन किया। समस्त ग्राम निवासियों का बढ़-चढ़ कर योगदान रहा।
इस मौके पर बजरंग वाहिनी, हिंदू वाहिनी संघ के सभी पदाधिकारी समेत तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
















