*: चुनार-राजगढ़ में गूंजा जयगुरुदेव का जयकारा, संत पंकज जी महाराज ने कहा – मानव तन अनमोल है, इसे बर्बाद मत करो, शाकाहारी बनो, चरित्रवान बनो*
*: जमुहार में 59वां पड़ाव, सतलोक का संदेश देकर किया जन-जागरण*
*सत्संग कार्यक्रम के बाद जनजागरण यात्रा अपने 60वें पड़ाव माधव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज का मैदान ग्राम सहसपुरा ब्लॉक नरायनपुर के लिए प्रस्थान कर गई*
चुनार / नरायनपुर (मिर्जापुर)। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज की जनजागरण यात्रा इन दिनों मिर्जापुर की धरती को पावन कर रही है। कल इस यात्रा ने ग्राम जमुहार में अपना 59वां पड़ाव डाला, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।
आज यहां आयोजित सत्संग में महाराज जी ने जो अमृत वचन कहे, उसने हर दिल को झकझोर दिया। उन्होंने कहा –
*”हम आये वही देश से जहाँ तुम्हारो धाम, तुमको घर पहुँचावना, एक हमारो काम।।”*
संत सतगुरु आपकी भलाई के लिए इस धराधाम पर आते हैं। यह मानव तन अनमोल है, लेकिन यह किराये का मकान है। आपको एक दिन इस किराये के मकान को खाली करना पड़ेगा। आपने जो धन-दौलत, मकान, जमीन-जायदाद इकट्ठा की है, वह सब यहीं रह जाएगी। अंत समय में गुरु के अलावा कोई आपका मददगार नहीं होगा।
महाराज जी ने कहा कि अन्य युगों की तुलना में इस कलियुग में मनुष्य की आयु कम हो गई है, शारीरिक बल घट गया है, मन की चंचलता बढ़ गई है और अन्न में प्राण आ गया है। प्रभु ने दया करके अपने देश से संतों को भेजा है। उन्होंने बताया कि आप सभी लोग अजर-अमर देश सतलोक के रहने वाले हो, यहां काल-माया के देश में आकर फंस गए हो। अब इस जीवन को बर्बाद मत करो।
उन्होंने लोगों के आत्मकल्याण और प्रभु प्राप्ति के लिए कलियुग की सबसे सरल साधना *सुरत-शब्द योग (नाम योग)* का मार्ग बताया।
*: नशा-हिंसा पर प्रहार, जयगुरुदेव नाम की महिमा और आगे का कार्यक्रम*
सत्संग में महाराज जी ने समाज में बढ़ रही हिंसा और अपराध पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अशुद्ध खान-पान और महात्माओं की शिक्षा से दूर होने के कारण ही यह स्थिति आई है। जाति-पांति के नाम पर लड़ने-झगड़ने से आपको नफरत के सिवा क्या मिला? आप सब पहले मानव धर्म, इंसानी मजहब को अपनायें। चरित्रवान बनें, यही मानव धर्म की सबसे बड़ी पूंजी है। शाकाहारी रहें, शराब जैसे नशों से बचें और युवा पीढ़ी जो देश की धरोहर है, उसे भी शाकाहारी, सदाचारी, चरित्रवान और नशे की गिरफ्त से बचायें।
संत पंकज जी महाराज ने *जयगुरुदेव नाम* की महिमा बताते हुए कहा कि यह अनामी महाप्रभु के समय का जागृत एवं सिद्ध नाम है। संकट की घड़ी में यह मददगार होगा, आने वाली मुसीबतों से आपकी रक्षा करेगा। हमारे गुरु महाराज बाबा जयगुरुदेव जी महाराज इस नाम को जगा कर गए हैं। उनके वचन हैं – *”जन-जन की जबान पर जब, जयगुरुदेव आएगा। सच्ची स्वतंत्रता का तब आनंद आएगा।”* आगे बहुत भयावह समय आ रहा है, उससे बचने के लिए भजन जरूरी है।
इस आयोजन में पुलिस-प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री व प्रवक्ता मोती लाल सिंह, सरजू प्रसाद मौर्य, अमरनाथ प्रजापति, उमाशंकर सिंह, ओम प्रकाश सिंह एवं सहयोगी संगत सोनभद्र के अवधू सिंह यादव, छांगुर पटेल, राजाराम मौर्य, कैलाश चौरसिया आदि मौजूद रहे। आयोजन में ग्राम प्रधान राजकुमार का विशेष सहयोग रहा।
सत्संग कार्यक्रम के बाद जनजागरण यात्रा अपने 60वें पड़ाव माधव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज का मैदान ग्राम सहसपुरा ब्लॉक नरायनपुर के लिए प्रस्थान कर गई। जहां पहुंच कर कार्यक्रम के आयोजक हरषू पति सिंह एवं संदीप सिंह के घर के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल हुए एवं फीता काटकर उद्घाटन किया।
*यहां प्रातः19/102026 दिन सोमवार को 11 बजे से सत्संग कार्यक्रम आयोजित है, जिसमें अधिक से अधिक संख्या में लोगों को उपस्थित होने की अपील की गई है।*
















