रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
चोपन। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर गुप्तकाशी विकास परिषद उत्तर प्रदेश, लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान लखनऊ तथा जिला प्रशासन सोनभद्र के संयुक्त तत्वावधान में चोपन रामलीला मैदान में ‘नवधा भक्ति रस’ पर आधारित देवी जागरण एवं भक्ति-सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कवि जगदीश पंथी ने कहा कि नवरात्रि केवल धार्मिक अनुष्ठान का पर्व नहीं, बल्कि शक्ति आराधना, आत्मशुद्धि और सदाचार का प्रतीक है। यह पर्व समाज को सेवा, समर्पण और सकारात्मक जीवन-दृष्टि की प्रेरणा देता है।विशिष्ट अतिथि नवल किशोर चौबे ने कहा कि नवधा भक्ति भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के नौ स्वरूपों का प्रतीक है, जो मनुष्य को श्रद्धा, साधना और लोककल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी राजा मिश्रा ने भक्ति को सामाजिक सद्भाव, मानवीय संवेदना और सांस्कृतिक एकता से जोड़ने पर जोर दिया।गुप्तकाशी विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पंडित आलोक कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। वहीं, सहसंयोजक एवं श्री रामलीला समिति चोपन के अध्यक्ष कमल किशोर सिंह ने सोनभद्र की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन पर बल दिया।कार्यक्रम के संयोजक एवं गुप्तकाशी विकास परिषद के संरक्षक मनोज चौबे ने कहा कि परिषद द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में रामोत्सव, नवधा भक्ति रस, तीर्थायन यात्रा और कजरी महोत्सव जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा दिया जाता है।प्रयागराज और मिर्जापुर से आए कलाकारों ने भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली, सुनील सिंह,संजय केशरी, धर्मेंद्र जायसवाल,दीनदयाल सिंह, विकास चौबे, संतोष सिंह, बबलू सोनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।














