WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

17 एवं 24 अक्टूबर को जनपद के सभी 1644 मतदेय स्थलों पर आयोजित होंगे विशेष कैम्प, रिपोर्ट अनिल सोलंकी

*17 एवं 24 अक्टूबर को जनपद के सभी 1644 मतदेय स्थलों पर आयोजित होंगे विशेष कैम्प, पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की होगी कार्यवाही*

——————————————

*प्रातः 10 बजे से अपराह्न 04 बजे तक उपस्थित रहेंगे बीएलओ, फार्म-6, 7 एवं 8 भरने की सुविधा उपलब्ध*

 

एटा– भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के क्रम में निर्वाचक नामावली के निरंतर पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत जनपद एटा के सभी चार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—103-अलीगंज, 104-एटा, 105-मारहरा एवं 106-जलेसर (अ०जा०) के समस्त 1644 मतदेय स्थलों पर दिनांक 17 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को प्रथम तथा 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को द्वितीय विशेष कैम्प का आयोजन किया जाएगा। इन कैम्पों का उद्देश्य निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराना है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अजय नारायण सिंह ने बताया कि विशेष कैम्प के दौरान जनपद के सभी 1644 बीएलओ पर्याप्त मात्रा में फार्म-6 के साथ अपने निर्धारित बूथों पर प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान पात्र मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। बीएलओ के कार्यों के पर्यवेक्षण एवं कैम्पों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु जनपद में तैनात 165 बीएलओ सुपरवाइजर, 04 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा 19 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र एवं वंचित मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता सूची में प्रविष्टियों में संशोधन अथवा स्थानांतरण संबंधी कार्यों के लिए फार्म-8 ऑनलाइन पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ के माध्यम से भी भरे जा सकते हैं। मतदाताओं की सुविधा एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला मुख्यालय पर स्थापित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर के दूरभाष नंबर 05742-233312 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अर्ह नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष कैम्प के दौरान अपने निर्धारित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही कराएं। इसके लिए अपनी अद्यतन फोटो, जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां तथा परिवार के किसी सदस्य के मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) की संख्या, यदि उपलब्ध हो, साथ लेकर आएं। उन्होंने पात्र युवाओं एवं अब तक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित नागरिकों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Leave a Comment