अमित अग्रवाल की खास रिपोर्ट।
गिरिडीह कॉलेज में संताली भाषा से एमए की पढ़ाई शुरू कराने की मांग, छात्रों का आज एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन
गिरिडीह: 12 अक्टूबर 2026। गिरिडीह कॉलेज, गिरिडीह में संताली भाषा से स्नातकोत्तर (एमए) की पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर सोमवार को संथाल स्टूडेंट्स यूनियन की ओर से एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। यूनियन ने इस आंदोलन के माध्यम से कॉलेज में संताली भाषा की पढ़ाई शुरू करने की मांग उठाई है। छात्रों का कहना है कि संताली भाषा में उच्च शिक्षा प्राप्त करना उनका अधिकार है और इसके लिए लंबे समय से आश्वासन मिल रहा है, लेकिन अब तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई है।
संथाल स्टूडेंट्स यूनियन की ओर से जारी पोस्टर में कहा गया है कि गिरिडीह कॉलेज में सेमेस्टर-1 से सेमेस्टर-8 तक के विद्यार्थियों की मांग है कि संताली विषय में पीजी की पढ़ाई शुरू की जाए। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपने अधिकारों की पूर्ति चाहिए।
छात्रों ने शिक्षा के अधिकार, मातृभाषा के सम्मान और संताली भाषा के संरक्षण को आंदोलन का प्रमुख मुद्दा बनाया है। उनका कहना है कि अपनी भाषा में उच्च शिक्षा की सुविधा मिलने से आदिवासी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और भाषा-संस्कृति को भी मजबूती मिलेगी।














