आगरा एयरपोर्ट पर ‘ब्रज उदय-प्रेरणा सरस शॉप’ का शुभारंभ, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*आगरा एयरपोर्ट पर ‘ब्रज उदय-प्रेरणा सरस शॉप’ का शुभारंभ*

*- योगी सरकार की पहल से ग्रामीण महिलाओं को मिला सशक्त मंच*

*- एयरपोर्ट पर दिखेगी ब्रज के हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की झलक*

*आगरा, 16 अप्रैल।* उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए निरंतर ऐतिहासिक कदम उठा रही है। इसी कड़ी में आगरा के खेरिया टेक्निकल एयरपोर्ट पर ‘ब्रज उदय – प्रेरणा सरस शॉप’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इसका संचालन विकासखंड अकोला के मलपुरा स्थित आस्था प्रेरणा संकुल स्तरीय संघ (सीएलएफ) द्वारा किया जा रहा है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सहयोग से शुरू की गई इस शॉप का मुख्य उद्देश्य उ.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्पादों को एक मजबूत और अंतरराष्ट्रीय स्तर का विपणन मंच प्रदान करना है।

इस शॉप पर ब्रज क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उत्कृष्ट हस्तशिल्प का शानदार संग्रह मौजूद है। यहां देश- विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए महिलाओं द्वारा तैयार किए गए सॉफ्ट टॉयज, जरी उत्पाद, कान्हा जी की पोशाक, गुड़िया, पर्स, जूट के सामान और क्रोशिया की हस्तनिर्मित पारंपरिक वस्तुएं बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। शॉप के इंफ्रास्ट्रक्चर में पूरा निवेश आस्था प्रेरणा (सीएलएफ) द्वारा ही किया गया है।

*’लखपति दीदी’ से ‘करोड़पति दीदी’ बनने का सफर*
इस शॉप का उद्घाटन प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने फीता काटकर किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया और खुद उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समूह की महिलाओं की एक अनूठी और बेहद सराहनीय पहल है। हमने अधिकारियों को इस शॉप का और अधिक विस्तार करने के निर्देश दिए हैं। हमारी सरकार का लक्ष्य अब महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ से ‘करोड़पति दीदी’ बनाने की दिशा में काम करना है। यह शॉप स्थानीय कारीगरों के लिए एक बड़ा अवसर है।

*आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर*
उपायुक्त (स्वत: रोजगार) राजन राय ने बताया कि ब्रज उदय शॉप ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बहुत महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से महिलाएं अपने उत्पादों की सीधी बिक्री कर आत्मनिर्भर बनेंगी और उनकी आर्थिक उन्नति का एक नया अध्याय शुरू होगा।

इस गरिमामयी अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक भगवान सिंह कुशवाह, महानगर अध्यक्ष (भाजपा) राजकुमार गुप्ता सहित आगरा जनपद के तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Comment