*ऐतिहासिक जनकपुरी महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब*
*- सजी-धजी घोड़ी पर सवार होकर जनकपुरी पहुंचे प्रभु श्रीराम, रास्तों में छतों से हुई पुष्पवर्षा*
*- विशाल शंख, राधा-कृष्ण और रामलला की मनमोहक झांकियों ने मोहा मन, दिखी भव्यता*
*- ब्रज के लोक कलाकारों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भक्ति में लीन हुए लाखों श्रद्धालु*
*- श्रद्धालुओं ने की व्यवस्थाओं की तारीफ, कहा- इस बार का आयोजन पहले से कहीं अधिक भव्य*
*आगरा, 07 अक्टूबर।* भव्यता के साथ दिव्यता का अनूठा समागम और आस्था का जनसैलाब। उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध और ऐतिहासिक जनकपुरी महोत्सव का ताजनगरी में पूरे हर्षोल्लास के साथ भव्य शुभारंभ हो गया है। अपने आराध्य प्रभु श्रीराम और जगत जननी माता जानकी की एक झलक पाने के लिए कई किलोमीटर का पैदल सफर तय कर लाखों श्रद्धालु जनकपुरी पहुंचे। बुधवार को पूरी जनकपुरी राममय नजर आई। इस बार का आयोजन इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के विशेष निर्देशों के चलते पूरी मिथिला नगरी को एक अलौकिक और दिव्य स्वरूप प्रदान किया गया है।
बुधवार शाम को सजी-धजी घोड़ी पर सवार होकर प्रभु श्रीराम ने गणपति किंग्स काउंटी अपार्टमेंट से जनकपुरी के लिए प्रस्थान किया। मार्ग में उनके दर्शनों के लिए छतों और सड़कों के किनारे भक्त घंटों से प्रतीक्षारत थे। जैसे ही प्रभु का रथ निकला, पूरी फिजा जयकारों से गूंज उठी और श्रद्धालुओं ने जमकर फूल बरसाए। भक्तों की अभिलाषा इतनी प्रबल थी कि रथ को जनक मंच तक पहुंचने में घंटों का समय लग गया। जनकपुरी में सजाया गया दिव्य जनक महल इतना विशाल है कि उसकी आभा हाईवे से ही नजर आ रही थी। पूरे महोत्सव क्षेत्र में सजी विशाल शंख की झांकी, राधा-कृष्ण, रामलला और राम वनवास की झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं।
*मधुर धुन पर सियाराम की महाआरती*
जब प्रभु श्रीराम अपने भाइयों के साथ जनक मंच पर पहुंचे, तो उनके स्वागत में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा की गई। जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ने शंखनाद कर वातावरण को भक्तिमय कर दिया। इसके पश्चात केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, उनकी पत्नी मधु बघेल, राजा जनक, महारानी सुनैना, राजा दशरथ और माता कौशल्या के स्वरूपों ने “हे राजा राम, तेरी आरती उतारूं…” की मधुर धुन पर सियाराम की महाआरती उतारी। इस दौरान सीता मैया की सखियों ने हाथों में दीप और घंटियां लेकर भक्ति का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया।
*श्रद्धालुओं की सुगमता, सुरक्षा और सुविधा के अभूतपूर्व प्रबंध*
योगी सरकार की पहल पर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुगमता, सुरक्षा और सुविधा के लिए अभूतपूर्व प्रबंध किए हैं। जनकपुरी महोत्सव क्षेत्र और वहां तक पहुंचने वाले सभी मुख्य मार्गों के कायाकल्प तथा बुनियादी ढांचा विकास के लिए करोड़ों रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। इसके तहत न केवल नई सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण हुआ है, बल्कि बेहतरीन लाइटिंग और स्वच्छता व्यवस्था ने पूरे क्षेत्र को एक नया स्वरूप दे दिया है।
*अतिथियों का किया स्वागत- सम्मान*
कार्यक्रम में समिति के स्वागताध्यक्ष अरविंद शर्मा द्वारा केंद्रीय मंत्री के अलावा ब्रज क्षेत्र प्रभारी बृज बहादुर, प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह का पट्टिका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान संतोष कटारा, अशोक कुमार गुप्ता, संजय गोयल, मनोज बंसल, हितेश लवानिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पदाधिकारी मौजूद रहे। आरती के बाद ब्रज के कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
*श्रद्धालुओं ने साझा किया अपना उत्साह*
आगरा में जब भी जनकपुरी का आयोजन हुआ है, हम परिवार सहित देखने आते हैं। लेकिन योगी सरकार और प्रशासन के सहयोग से इस बार का आयोजन पहले के मुकाबले बहुत ज्यादा विशाल और भव्य है। हमने बड़ी आसानी से सीता और प्रभु राम के दर्शन किए। *- सोनू गर्ग, श्रद्धालु*
जनकपुरी में भगवान राम के मनमोहक दर्शन करने के बाद हमने बच्चों के साथ झूला झूलने का भरपूर आनंद लिया। मेले की व्यवस्था बहुत शानदार है। इसके बाद हमने बाजार में चाट-पकौड़ी की दुकान पर लजीज व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया। *- निधि गर्ग, श्रद्धालु*














