*गेहूं क्रय केन्द्रों पर किसानों की सुविधा हेतु फार्मर आईडी बनाई जाएगी*
जनपद एटा में किसानों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया है कि जनपद में स्थापित समस्त गेहूं क्रय केन्द्रों पर अब किसानों की फार्मर आईडी भी तैयार की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार फार्मर आईडी किसानों के लिए अत्यंत आवश्यक कर दी गई है, जिसके माध्यम से किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
उन्होंने जनपद के समस्त कृषक भाइयों से अपील की है कि जिन किसानों द्वारा अभी तक अपनी फार्मर आईडी तैयार नहीं कराई गई है, वे शीघ्र अपने नजदीकी गेहूं क्रय केन्द्र पर जाकर भी फार्मर आईडी बनवाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जनपद में स्थापित गेहूं क्रय केन्द्रों पर ही फार्मर आईडी की सुविधा उपलब्ध होने से किसानों को अलग से कहीं जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे उनका समय एवं श्रम दोनों की बचत होगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी 78 क्रय केन्द्रों पर फार्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित किया जाए तथा अधिक से अधिक किसानों को इस सुविधा का लाभ दिलाया जाए।
— जिला सूचना कार्यालय, एटा








