मीरजापुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, दुष्कर्म, पॉक्सो और चोरी के मामलों में 4 अभियुक्त पकड़े गए, 23 का शांतिभंग में चालान।
मीरजापुर, दिनांक 20 सितंबर 2026
मीरजापुर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को जनपद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और वाहन चोरी के मामलों में कार्यवाही करते हुए 2 वांछित अभियुक्तों और 2 बाल अपचारियों को पकड़ा है। वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 23 लोगों का चालान भी किया गया है।
पहला मामला : थाना जमालपुर
थाना जमालपुर क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में 11 सितंबर 2026 को पीड़िता की मां ने थाने में नामजद तहरीर दी थी, जिसके आधार पर थाना जमालपुर में मु0अ0सं0 164/2026 धारा 69, 351(3) बीएनएस व 3/4(2) पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। आज 20 सितंबर को उप निरीक्षक सुनील राय की टीम ने मुखबिर की सूचना पर गोविन्द यादव मिष्ठान भण्डार, कैमारसूलपुर-चन्दौली चौराहे के पास से नामजद अभियुक्त उमेश यादव उर्फ कल्लू पुत्र रग्घु यादव निवासी रेरूपुर थाना जमालपुर और एक बाल अपचारी को पकड़ लिया। दोनों को नियमानुसार न्यायालय / किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
दूसरा मामला : थाना कोतवाली देहात
थाना कोतवाली देहात में भी नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज था। 02 सितंबर 2026 को महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके पति के काम पर जाने के बाद नामजद व्यक्ति ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म, मारपीट और धमकी दी तथा खाद्य पदार्थ में नशीला पदार्थ मिला दिया। इस पर थाना को0देहात में मु0अ0सं0 427/2026 धारा 65(1),74,115(2),351(3),123,352 बीएनएस व 5एम/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में आज 20 सितंबर को निरीक्षक मनोज कुमार की टीम ने कांशीराम आवास भुजवा की चौकी के पास से वांछित अभियुक्त राजेश विश्वकर्मा उर्फ गोलू पुत्र स्व0 ज्ञानचन्द्र को गिरफ्तार किया। अभियुक्त मूल रूप से बरौधा कचार, को0कटरा का रहने वाला है और वर्तमान में थाणे, महाराष्ट्र में रह रहा था। उसे न्यायालय / जेल भेज दिया गया है।
तीसरा मामला : थाना चुनार
थाना चुनार क्षेत्र में 19 सितंबर को वादी संदीप कुमार गुप्ता ने सिद्धनाथ दरी पार्किंग स्टैंड से अपनी मोटरसाइकिल UP63Q6344 चोरी होने की तहरीर दी थी, जिस पर मु0अ0सं0 395/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
आज 20 सितंबर को उप निरीक्षक महेन्द्र यादव की टीम ने चोरी गई मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्रो के साथ एक बाल अपचारी को बरामद कर पकड़ लिया। उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
शांति व्यवस्था हेतु कार्यवाही
जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के क्रम में कुल 23 व्यक्तियों का भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत धारा 170/126/135 में चालान किया गया।
थानावार संख्या इस प्रकार है –
कोतवाली शहर – 01, कोतवाली कटरा – 08, विन्ध्याचल – 01, लालगंज – 03, चुनार – 02, जमालपुर – 02, अहरौरा – 01 और मड़िहान – 05
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।














