गुरु रविदास जयंती पर बखरिया में निकली भव्य कलश यात्रा
प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने किया पूजन, सांसद जयप्रकाश रावत समेत भाजपा नेताओं ने लिया हिस्सा
नवनीत कुमार राम जी
पिहानी (हरदोई)। विकासखंड हरियावां और कोतवाली पिहानी क्षेत्र के ग्राम बखरिया में शुक्रवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। भद्रकाली मंदिर परिसर में आयोजित कलश यात्रा एवं पूजन कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने गुरु रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर पूजन किया और उनके विचारों को सामाजिक समरसता के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम में सांसद जयप्रकाश रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनोज सिंह और बबलू सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण मौजूद रहे। कलश यात्रा में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था की कमान सीओ हरियावां लक्ष्मीकांत गौतम और कोतवाल श्याम नारायण सिंह ने संभाली। दोनों अधिकारियों की मौजूदगी में भारी पुलिस बल तैनात रहा। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में पुलिसकर्मियों ने निगरानी रखी, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।















