*चार थानों के छह पुलिसकर्मियों पर वसूली के आरोप, विधायक ने पुलिस आयुक्त से की शिकायत*
आगरा। फतेहपुर सीकरी विधायक चौधरी बाबूलाल ने पुलिस आयुक्त को शिकायती पत्र सौंपकर चार थानों से जुड़े छह पुलिसकर्मियों पर वसूली और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक का आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मी बिना पैसे लिए लोगों के काम नहीं करते और मनमाने तरीके से कार्रवाई कर आमजन को परेशान करते हैं। शिकायत में किरावली के एसएसआई मनोज दीक्षित, हेड मोहर्रिर संदीप कुमार, रुनकता चौकी प्रभारी आशीष त्यागी, एसआई तरुण चौधरी, मिढ़ाकुर चौकी के अमित कुमार और अछनेरा थाने के कारखास मुकेश यादव के नाम शामिल किए गए हैं।
विधायक ने पुलिस आयुक्त को शिकायत के साथ आरोपों से संबंधित साक्ष्य भी सौंपे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं,डीसीपी पश्चिमी आदित्य कुमार ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















