रोडवेज बसों में बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त सफर, दिशा-निर्देश जारी
आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार की लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति यात्रा योजना के तहत अब आगरा समेत पूरे प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की साधारण बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक आगरा परिक्षेत्र ब्रह्मप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि मुख्यालय के आदेशानुसार योजना को सुचारू और पारदर्शी रूप से लागू करने के लिए सभी डिपो प्रभारियों व परिचालकों को सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं। योजना का लाभ केवल उत्तर प्रदेश की मूल निवासी और 60 वर्ष से अधिक आयु की महिला यात्रियों को मिलेगा। पात्रता जांचने के लिए बस परिचालक को यात्रा के समय आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। भविष्य में स्मार्ट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया अलग से शुरू की जाएगी। परिचालक पहचान पत्र का मिलान कर ईटीएम मशीन शून्य मूल्य का टिकट जारी करेंगे। टिकट पर बस नंबर और यात्रा का पूरा ब्योरा दर्ज होगा। किसी भी स्थिति में महिला यात्री से किराया नहीं वसूला जाएगा। मशीन खराब होने पर फोन से अनुमति लेकर मैनुअल शून्य मूल्य का टिकट दिया जाएगा। यह सुविधा निगम की अपनी और अनुबंधित दोनों प्रकार की साधारण बसों में लागू रहेगी। क्षेत्रीय प्रबंधक ब्रह्मप्रकाश अग्रवाल ने कहा है कि यदि किसी पात्र महिला से अवैध वसूली या नियमों की अनदेखी की शिकायत मिली, तो संबंधित कर्मी के खिलाफ तत्काल सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।















