एटा – कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, श्वेताभ पांडेय SP सिटी ने कांवड़ रूट का किया निरीक्षण
डिप्टी ब्यूरो चीफ मौ0रियाज अब्बास
एटा में कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के कांवड़ रूट मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, पुलिस तैनाती, संवेदनशील स्थानों और चेतावनी एवं सूचना बोर्डों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इसके साथ ही पुलिस सहायता केंद्रों, मेडिकल बूथों, श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए शिविरों और भंडारों का भी जायजा लिया गया।
एसपी सिटी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करें। श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखें और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दें।
साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटने और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए।
एटा पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।












