अयोध्या में चंदा चोरी के आरोप लगाने वालों को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए :- अरविन्दचौहान
—————————————–
एटा 21 अगस्त। विश्व हिन्दू परिषद ब्रज प्रान्त के प्रान्त सह विशेष सम्पर्क प्रमुख अरविन्द सिंह चौहान ने अयोध्या में चंदा चोरी को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बिना ठोस प्रमाण किसी व्यक्ति अथवा संस्था पर गंभीर आरोप लगाना उचित नहीं है। ऐसे आरोप लगाने वालों को पहले अपने आचरण और कार्यप्रणाली की भी समीक्षा करनी चाहिए।
श्री चौहान ने कहां कि उत्तर प्रदेश की जनता सब देख और समझ रही है। जनता के बीच किसी भी संगठन अथवा व्यक्ति की वास्तविक कार्यशैली लंबे समय तक छिपी नहीं रह सकती। यदि किसी के पास चंदे से संबंधित कोई ठोस प्रमाण अथवा दस्तावेज हैं तो उन्हें सार्वजनिक रूप से सामने लाकर सक्षम जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए, न कि केवल राजनीतिक या व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के माध्यम से माहौल बनाया जाए।
श्री चौहान ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि और अयोध्या से जुड़े विषय करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े हैं। इसलिए इस प्रकार के संवेदनशील मामलों में बयानबाजी के बजाय तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर बात होनी चाहिए उन्होंने कहा कि झूठे अथवा निराधार आरोप लगाकर किसी की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास लोकतांत्रिक एवं सामाजिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। यदि किसी व्यक्ति के विरुद्ध कोई वास्तविक शिकायत है तो उसका निष्पक्ष जांच के माध्यम से समाधान होना चाहिए।
श्री चौहान ने संबंधित लोगों से अपील की कि आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में भी झांककर देखें और जनता के सामने तथ्यों के साथ अपनी बात रखें।












