अलीगढ़ में दीवार गिरने से 18 वर्षीय युवती की मौ,त, दिसंबर में होनी थी शादी, परिवार में पसरा मातम
अलीगढ़ के खैर थाना क्षेत्र में गुरुवार एक दीवार गिरने से 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। यह घटना मोहल्ला उपाध्याय में तड़के हुई, जब युवती घर के अंदर सो रही थी।
परिजनों के अनुसार, रात में परिवार के कुछ सदस्य घर के बाहर सो रहे थे, जबकि कीर्ति अंदर थी। अचानक एक पुरानी दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे।
लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर कीर्ति को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस हादसे से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
परिजनों ने बताया कि कीर्ति की शादी दिसंबर में होनी तय थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था, लेकिन इस आकस्मिक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाई और शव को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।












