*आगरा में विधायक पर टिप्पणी मामले में बाबा बाल योगी ने मांगी माफी*
आगरा में भाजपा विधायकों को अपशब्द कहने वाले समाजसेवी के रूप में सक्रिय बाल योगी ने माफी मांगी है। बुधवार दोपहर को फतेहपुर सीकरी के विधायक चौधरी बाबूलाल के आवास पर पहुंचकर उन्होंने मीडिया के सामने रोते हुए माफी मांगी। कहा-भावनाओं में बहकर गलत बोल गया। सामान्य रूप से भी मेरे मुंह से ऐसे शब्द नहीं निकलने चाहिए थे। फिर भी मैंने ऐसे शब्द बोले, इसलिए मैं विधायक जी से माफी मांगने आया हूं। माफी भी मांगी है। मैं गांव का हूं, शहर का होता तो सोच-समझकर बोलता।
आगरा में समाजसेवी के रूप में सक्रिय बाल योगी ने भाजपा के दो विधायकों के खिलाफ चौपाल में अपशब्द कहे। इनमें एक यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और आगरा दक्षिण से विधायक योगेंद्र उपाध्याय हैं और दूसरे फतेहपुर सीकरी से विधायक चौधरी बाबूलाल हैं। सोशल मीडिया पर दोनों विधायकों पर की गई टिप्पणी के दो अलग-अलग वीडियो वायरल हो रहे हैं। ये वीडियो आगरा के मलपुरा क्षेत्र में एक चौपाल के थे। बाल योगी सोमवार को यहां लोगों की समस्याएं जानने पहुंचे थे। वीडियो वायरल होने के बाद विधायक चौधरी बाबूलाल ने बाल योगी के खिलाफ FIR दर्ज कराने की बात कही थी। वीडियो वायरल होने के बाद बाल योगी बुधवार दोपहर को विधायक चौधरी बाबूलाल के घर पहुंचे। जयपुर हाउस स्थित उनके आवास पर उन्होंने भाजपा विधायक से अपने शब्दों के लिए माफी मांगी। इस दौरान उनकी आंखों में आंसू भी छलक रहे थे। उन्होंने रोते हुए विधायक से हाथ जोड़कर माफी मांगी।













