WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

आढ़त से 45 लाख की चोरी का खुलासा, ड्राइवर ने पिता संग मिलकर रची साजिश, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*सिकंदरा मंडी की आढ़त से 45 लाख की चोरी का खुलासा, ड्राइवर ने पिता संग मिलकर रची साजिश पुलिस की गिरफ्त में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी पिता-पुत्र*

 

आगरा। सिकंदरा स्थित फल एवं सब्जी मंडी की एक आढ़त में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुरुआती तौर पर चोरी की रकम करीब एक करोड़ रुपये बताई गई थी, लेकिन पुलिस जांच में करीब 45 लाख रुपये की चोरी सामने आई। सिकंदरा पुलिस ने मामले में आढ़ती के ड्राइवर शिशुपाल और उसके पिता वीरू को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से करीब 41 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए गए हैं। इसके अलावा चोरी का आईफोन और वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी बरामद किया गया है। डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी शिशुपाल आढ़ती के यहां ड्राइवर था और उसे मालिक के आने-जाने, घर और दुकान की गतिविधियों तथा नकदी से जुड़े मूवमेंट की पूरी जानकारी थी। आढ़ती हाजी नसीम के हैदराबाद जाने की जानकारी भी शिशुपाल को थी। इसी का फायदा उठाकर उसने अपने पिता वीरू के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई की रात दोनों आरोपियों ने मौका देखकर आढ़त की दुकान को निशाना बनाया और वहां रखी नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद दोनों ने खुद को शक से बचाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि शिशुपाल आढ़ती हाजी नसीम को एयरपोर्ट छोड़ने और लेने तक गया था। इस दौरान उसे आढ़ती के कार्यक्रम और उनके आने-जाने की जानकारी मिलती रही। पुलिस का मानना है कि इसी जानकारी के आधार पर आरोपी ने चोरी के लिए सही समय चुना। चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आरोपियों के मोबाइल की सीडीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई। जांच का दायरा आगे बढ़ने पर पुलिस को शिशुपाल की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने शिशुपाल और उसके पिता वीरू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक शिशुपाल के कब्जे से करीब 41 लाख रुपये नकद, चोरी किया गया आईफोन और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया गया है।डीसीपी ने बताया कि घटना के खुलासे में लगी पुलिस टीम ने चोरी की गई रकम में से लगभग पूरी रकम बरामद कर ली है। शुरुआती सूचना में चोरी की रकम करीब एक करोड़ रुपये बताई गई थी, लेकिन पुलिस की जांच में वास्तविक चोरी की रकम करीब 45 लाख रुपये पाई गई। बरामदगी के बाद पुलिस अब रकम के स्रोत, घटना में दोनों आरोपियों की भूमिका और चोरी के बाद पैसों के इस्तेमाल की भी जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि घटना का शीघ्र खुलासा करने और चोरी की रकम की बड़ी बरामदगी पर पुलिस कमिश्नर की ओर से पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के समन्वित इस्तेमाल से मामले को सुलझाने में सफलता मिली।

Leave a Comment