*IBA-जिलाधिकारी बैठक: जलभराव और औद्योगिक समस्याओं के स्थायी समाधान की पहल, ईकोटेक-3 बनेगा मॉडल इंडस्ट्रियल जोन*
नोएडा/गौतम बुद्ध नगर।
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिलाधिकारी महोदया के साथ जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं को लेकर विस्तृत बैठक की। बैठक को सकारात्मक बताते हुए प्रशासन ने कई मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई और स्थायी समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में IBA ने विशेष रूप से UPSIDA साइट-5 एवं साइट-B/C में वर्षों से चली आ रही जलभराव, खराब ड्रेनेज और सफाई व्यवस्था की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक UPSIDA के साथ साप्ताहिक बैठक कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
IBA द्वारा उद्योग केंद्र-2 और ईकोटेक-3 को “विश्वस्तरीय मॉडल गेटेड आदर्श औद्योगिक क्षेत्र” के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। जिलाधिकारी ने प्रस्ताव की सराहना करते हुए शीघ्र संयुक्त समिति गठित करने की बात कही। इस समिति में जिला प्रशासन, संबंधित प्राधिकरण और IBA के प्रतिनिधि शामिल होंगे। समिति विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करेगी। अधिकारी ने कहा कि यह मॉडल सफल होने पर चरणबद्ध तरीके से इसे अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर की पहचान उद्योग और उद्यमियों से है। इसलिए उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिस समस्या का संबंध जिस प्राधिकरण से है, उसका निस्तारण उसी प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर वहीं किया जाए, ताकि उद्यमियों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बैठक में IBA प्रतिनिधियों ने शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को आमजन के लिए खोलने और खिलाड़ियों को नाममात्र शुल्क पर अभ्यास सुविधा देने के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि जिलाधिकारी की उद्योग हितैषी सोच और त्वरित निर्णयों से उद्यमियों में नया विश्वास जगा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और उद्योग के बीच निरंतर संवाद से गौतम बुद्ध नगर को देश का अग्रणी औद्योगिक जिला बनाने में मदद मिलेगी।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, युवा कार्यकारिणी सदस्य हर्ष तोमर और वरिष्ठ सदस्य चंचल कुमार।













