*भारत में पहली बार हंटर फील्ड टारगेट शूटिंग चैंपियनशिप का आगाज*
*75 निशानेबाजों ने दिखाया दमखम, अंतरराष्ट्रीय मानकों पर हो रही प्रतियोगिता*
आगरा। भारत में पहली बार आयोजित प्रथम आरएबीएसएआई ओपन नेशनल हंटर फील्ड टारगेट (एचएफटी) शूटिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ शुक्रवार को आगरा पब्लिक स्कूल, अरतौनी में हुआ। दो दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 75 निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन के साथ आगरा में शूटिंग खेल के एक नए स्वरूप को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। प्रतियोगिता का आयोजन रिमफायर एंड एयर राइफल्स बेंचरेस्ट शूटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया ट्रस्ट (आरएबीएसएआई) की ओर से किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, दिल्ली और हरियाणा सहित कई राज्यों के निशानेबाज इसमें प्रतिभाग कर रहे हैं। आरएबीएसएआई के चेयरमैन रजत विज और अध्यक्ष हिना विज ने बताया कि हंटर फील्ड टारगेट शूटिंग में निशानेबाज को लक्ष्य की वास्तविक दूरी पहले से ज्ञात नहीं होती। खिलाड़ी परिस्थितियों का आकलन कर अपने अनुभव, एकाग्रता और तकनीकी कौशल के आधार पर लक्ष्य भेदते हैं। प्रतियोगिता में .177 कैलिबर एयर राइफल का इस्तेमाल किया जाता है तथा निशानेबाज खड़े होकर, घुटनों के बल या लेटकर बिना सहारे के निशाना लगाते हैं।
प्रतियोगिता में वर्ल्ड हंटर फील्ड टारगेट ऑर्गेनाइजेशन (डब्लूएचएफटीओ) के अध्यक्ष जैकब विचर (चेक गणराज्य) विशेष रूप से मौजूद हैं। वह रेंज ऑफिसर की भूमिका निभाते हुए प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संचालित करा रहे हैं। उद्घाटन आगरा पब्लिक स्कूल ग्रुप के अध्यक्ष महेश चंद्र शर्मा ने किया। इस अवसर पर कैसर स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के भवतेज सिंह भी मौजूद रहे। जेएसबी मैच डायबोलो, चेक गणराज्य आधिकारिक पैलेट पार्टनर तथा कैसर स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड आधिकारिक उपकरण सहयोगी है। शनिवार को विभिन्न मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निशानेबाजों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में फील्ड मास्टर मधुकर यादव, वालंटियर पीयूष यादव सहित आयोजन टीम ने व्यवस्थाएं संभालीं








