कांवड़ यात्रियों की सेवा को समर्पित हुआ सुविधा केंद्र, डीएम व पालिकाध्यक्ष ने किया शुभारंभ, रिपोर्ट निशा कांत शर्मा एडवोकेट

*कांवड़ यात्रियों की सेवा को समर्पित हुआ सुविधा केंद्र, डीएम व पालिकाध्यक्ष ने किया शुभारंभ*

 

*कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा व सेवा में जनसहभागिता जरूरी : जिलाधिकारी अरविन्द सिंह*

 

*सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं मंगलमय कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद*

 

एटा, 07 अगस्त (सू.वि.)। श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सेवा के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद एटा द्वारा माया पैलेस चौराहे पर स्थापित कांवड़ यात्री सुविधा केंद्र का शुभारंभ शुक्रवार को जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। शुभारंभ के उपरांत अतिथियों ने कांवड़ यात्रियों को प्रसाद वितरित कर उनका स्वागत किया तथा भगवान भोलेनाथ के जयघोष के बीच उनकी सुरक्षित, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि भगवान शिव के भक्तों की सेवा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। प्रशासन कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि कांवड़ मार्गों पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के बाहर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि रात्रि के समय यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपनी सामर्थ्य के अनुसार कांवड़ यात्रियों की सेवा एवं सहयोग में सहभागी बने। जनसहयोग से ही कांवड़ यात्रा अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफल बन सकेगी।

जिलाधिकारी ने भगवान शिव के समस्त श्रद्धालुओं को कांवड़ यात्रा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनकी यात्रा के सकुशल एवं मंगलमय संपन्न होने की कामना की।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने कहा कि नगर पालिका द्वारा कांवड़ यात्रियों के लिए स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि पंकज गुप्ता, ईओ निहाल सिंह,पंकज चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक आदि उपस्थित रहे।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆

Leave a Comment