*डीएम-एसएसपी ने किया प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को दी जा रही सर्वोच्च प्राथमिकता*
*पटना पक्षी विहार स्थित इच्छेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर डीएम ने परखी व्यवस्थाएं, फिसलन रोकने के दिए निर्देश*
*सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन सतर्क, मार्गों का लगातार कर रहे हैं निरीक्षण: डीएम अरविंद सिंह*
एटा, 07 अगस्त।शासन की मंशानुसार कांवड़ यात्रा-2026 को निर्विघ्न, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन जि द्वारा निरंतर भ्रमणशील रहकर कांवड़ यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा विभिन्न मार्गों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी ने कासगंज के लहरा घाट एवं कछला घाट से जल लेकर रतीभानपुर, भेंसुली होते हुए पटना पक्षी विहार स्थित इच्छेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के मार्ग का निरीक्षण किया। साथ ही आगरा, मध्य प्रदेश एवं राजस्थान की ओर जाने वाले कांवड़ यात्रियों के आवागमन हेतु निर्धारित मार्गों की व्यवस्थाओं का भी स्थलीय जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जलेसर तहसील में पटना पक्षी विहार स्थित इच्छेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों के लिए पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर के बाहर टाइलयुक्त स्थान पर वर्षा के दौरान फिसलन की संभावना को देखते हुए उप जिलाधिकारी जलेसर पियूष रावत को तत्काल मैट आदि बिछवाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े,साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन हेतु सुव्यवस्थित एवं क्रमबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आगरा-टूंडला-एटा मार्ग का भी निरीक्षण कर विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा सभी अधिकारी पूर्ण सतर्कता एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जलेसर पियूष रावत, क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार वाजिद हुसैन, मनीष कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆









