एटा में सांसद पप्पू यादव का पुतला फूंका, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने बयान का विरोध किया
एटा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बिहार के सांसद पप्पू यादव का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने सांसद के एक बयान का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
यह विरोध प्रदर्शन 31 जुलाई को सांसद पप्पू यादव द्वारा दिए गए एक बयान के खिलाफ था, जिससे हिंदू संगठनों में आक्रोश पनप गया था। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व विश्व हिंदू परिषद, एटा के जिला मंत्री मुकेश राठौर ने किया। उन्होंने बताया कि सांसद पप्पू यादव ने संतों का अपमान करते हुए बयानबाजी की, जिससे हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति से पप्पू यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान अनुभव गुप्ता, राजेश चौहान, सौरभ सोलंकी, नितिन गुप्ता, अतुल भदौरिया, कुलदीप शर्मा, विकास चौधरी, अनुराग वशिष्ठ, आशु सहित बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








