बरेली से कासगंज से जा रही ट्रेन में लगी भीषण #mआग
कासगंज बरेली से कासगंज की ओर जा रही ट्रेन संख्या 55328 पैसेंजर के इंजन में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना मानपुर नगरिया और सोरों रेलवे स्टेशन के बीच हुई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे नगरिया स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही देर बाद लोकोमोटिव के अंदर तकनीकी खराबी के चलते आग भड़क उठी। इंजन से धुआं और आग की लपटें उठती देख लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रेन को बीच रास्ते में रोक दिया।
ट्रेन रुकते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए डिब्बों से उतरकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि आग केवल इंजन तक ही सीमित रही और कोचों तक नहीं पहुंची, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल रूम, स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया, जबकि पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम भी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई।
इस घटना के कारण बरेली-कासगंज रेलखंड पर कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।फिलहाल इसी खबर पर हमारी नजर बनी हुई है। जैसे ही कोई नया अपडेट मिलेगा, हम आपको सबसे पहले अवगत कराएंगे।








