सावन में धार्मिक आस्था को लेकर राष्ट्रीय हिन्दू परिषद का प्रदर्शन, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

*सावन में धार्मिक आस्था को लेकर राष्ट्रीय हिन्दू परिषद का प्रदर्शन*

 

 

 

आगरा। सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और सुविधाओं को लेकर राष्ट्रीय हिन्दू परिषद भारत ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोविन्द पारासर के नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने अपने ज्ञापन में कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का पवित्र माह है और इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों एवं परिक्रमा मार्ग पर दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में पूरे सावन माह के दौरान परिक्रमा मार्ग पर संचालित मीट और मछली की दुकानों को बंद कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे। इसके अलावा संगठन ने प्रशासन से शराब की दुकानों को कपड़े से ढकवाने की मांग भी की, जिससे धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत न हों। ज्ञापन में मंदिरों और उनके आसपास विशेष साफ-सफाई, नियमित कूड़ा उठान और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। राष्ट्रीय हिन्दू परिषद भारत के पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी सभी मांगें जनभावनाओं और धार्मिक आस्था से जुड़ी हुई हैं तथा प्रशासन से इन पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा की गई है। वहीं, प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Comment