**श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को लेकर सीओ सकीट ने किया कांवड़ मार्ग का निरीक्षण, फ्लैग मार्च कर दिए आवश्यक निर्देश**
रिपोर्टर मौ0रियाज अब्बास
**एटा।** श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को क्षेत्राधिकारी सकीट **नीतीश गर्ग** ने थाना रिजोर क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने कांवड़ियों की सुविधा के लिए की गई यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पुलिस सहायता केंद्र तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रखी जाए।इसके उपरांत क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग ने थाना रिजोर पुलिस के साथ भारी पुलिस बल की मौजूदगी में क्षेत्र में फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त की। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों को कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने संबंधित पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।









