जनसेवा कार्यों से प्रभावित होकर लायंस क्लब ने मुखिया शब्बीर आलम को किया था आमंत्रित, अब बने सदस्य।
अमित अग्रवाल गिरिडीह
गिरिडीह प्रखंड के तेलोडीह पंचायत के मुखिया और गिरिडीह प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष शब्बीर आलम अब लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 322A के रीजन 5 से जुड़े।
मुखिया शब्बीर आलम के लगातार जनसेवा और सामाजिक कार्यों से प्रभावित होकर लायंस क्लब की ओर से उन्हें क्लब से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया गया था। इसके बाद बीते रविवार को गिरिडीह के सेलिब्रेशन मैरिज हॉल, सिरसिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लायंस क्लब की सदस्यता ग्रहण की।
मुखिया शब्बीर आलम ने अपनी पंचायत में जनसेवा के साथ-साथ स्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उनके नेतृत्व और प्रयासों से तेलोडीह पंचायत ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों जिले में प्रथम स्थान का पुरस्कार प्राप्त कर एक नई पहचान बनाई है।
पंचायत में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और जनहित से जुड़े कार्यों को लगातार प्राथमिकता देने वाले मुखिया शब्बीर आलम के इन्हीं जनसेवा कार्यों को देखते हुए लायंस क्लब ने उन्हें अपने साथ जुड़ने का आमंत्रण दिया था।
इसी क्रम में लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन शुभ्रा मजूमदार ने मुखिया शब्बीर आलम को लायंस क्लब की सदस्यता दिलाई।
इस दौरान क्लब के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय और समर्पित लोगों के जुड़ने से सेवा कार्यों को और मजबूती मिलती है।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद मुखिया शब्बीर आलम ने कहा कि मानव सेवा और समाजसेवा उनके लिए हमेशा प्राथमिकता रही है। लायंस क्लब जैसे अंतरराष्ट्रीय सेवा संगठन से जुड़कर समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम में रीजन 5 के 13 क्लबों के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष समेत 60 से अधिक पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रीजन चेयरपर्सन लायन धर्म प्रकाश ने की, जबकि संचालन जीएलटी कोऑर्डिनेटर लायन राहुल वर्मा ने किया।
जनसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले मुखिया शब्बीर आलम का लायंस क्लब से जुड़ना सामाजिक सेवा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।









