महिला से दुष्कर्म के प्रयास व जान से मारने की धमकी का आरोप, थाने में दी तहरीर
एटा। थाना निधौली कलां क्षेत्र के ग्राम मदनपुर निवासी एक महिला ने गांव के ही दो लोगों पर घर में घुसकर अश्लील हरकत, दुष्कर्म का प्रयास, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 24 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे जब महिला के परिवार के सदस्य मथुरा तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे, तब गांव का निवासी जगदीश चन्द्र पुत्र गंगा सिंह कथित रूप से शराब के नशे में उसके घर पहुंचा। महिला का आरोप है कि उसने उसके पति के बारे में पूछताछ की और फिर गलत नीयत से हाथ पकड़कर घर के अंदर खींचने तथा कपड़े फाड़ने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर घर में मौजूद 13 वर्षीय बालक प्रिन्स मौके पर पहुंच गया, जिसके बाद आरोपी ने उसे कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी और वहां से चला गया।
पीड़िता का कहना है कि अगले दिन जब वह अपनी सास कमला देवी के साथ थाना जाने के लिए निकली, तभी आरोपित जगदीश और उसका पुत्र बीटू लाठी-डंडे लेकर रास्ते में आ गए। आरोप है कि बीटू ने उसकी वृद्ध सास को धक्का दिया और पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां से चले गए।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपितों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
थाना प्रभारी निधौली कलां ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








