*आगरा में फर्जी सवारी बनाकर लूट करने वाले गैंग का भंडाफोड़*
आगरा। आगरा पुलिस ने रात के समय सवारी बैठाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। थाना शमशाबाद पुलिस की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से नगदी, आभूषण, एक तमंचा तथा वारदात में इस्तेमाल की जा रही किराये की थार और स्कॉर्पियो बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रात के समय किराये की थार और स्कॉर्पियो में सवारी बैठाते थे और उन्हें सुनसान स्थान पर ले जाकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। गैंग तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कई लोगों को अपना शिकार बना चुका था। पूछताछ में आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी पता चला है। पुलिस उनके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में भी जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय लूटपाट करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है।








