*गोवर्धन मुड़िया पूर्णिमा मेला शुरू, योगी सरकार ने किए भव्य इंतजाम, रिपोर्ट शंकर देव तिवारी

  1. *गोवर्धन मुड़िया पूर्णिमा मेला शुरू, योगी सरकार ने किए भव्य इंतजाम*

 

*- 23 से 30 जुलाई तक चलेगा मेला, लगभग दो करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद*

 

*- अभेद्य सुरक्षा के लिए 9 सुपर जोन में बंटा मेला क्षेत्र, 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी*

 

*- सुगम आवागमन के लिए 1100 बसें, 6 विशेष ट्रेनें और 61 पार्किंग स्थल बनाए गए*

 

*- गोवर्धन में योगी सरकार ने परिक्रमा मार्ग और प्रमुख कुंडों का किया कायाकल्प*

 

*मथुरा, 23 जुलाई।* धार्मिक आस्था और अटूट भक्ति का प्रतीक गोवर्धन का विश्व प्रसिद्ध राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला गुरुवार से अत्यंत भव्यता के साथ शुरू हो गया है। 23 से 30 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस महामेले में इस वर्ष पिछले साल का भी रिकॉर्ड टूटने और करीब दो करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी सरकार ने देश- विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सहूलियत के लिए बड़े पैमाने पर अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं।

 

*परिक्रमा मार्ग में गूंजे ‘राधे-राधे’ के स्वर*

मेला शुरू होते ही गोवर्धन की ओर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा है। सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग पर हर तरफ ‘राधे-राधे’ के स्वर और ‘गिरिराज धरण’ के जयकारे गूंज रहे हैं। उमस और तेज धूप के बावजूद श्रद्धालुओं की अगाध आस्था भारी पड़ रही है। भक्त दानघाटी पहुंचकर गिरिराज जी की पूजा-अर्चना और दुग्धाभिषेक कर अपनी 21 किलोमीटर लंबी परिक्रमा शुरू कर रहे हैं। परिक्रमार्थियों को गर्मी से राहत देने के लिए मानसी गंगा पर फव्वारे भी लगाए गए हैं।

 

*9 सुपर जोन और 62 सेक्टर में बंटा मेला, सुरक्षा के कड़े इंतजाम*

योगी सरकार के सख्त निर्देशों पर पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन, 21 जोन और 62 सेक्टर में बांटा गया है। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए हर सेक्टर में अधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पूरे मेला क्षेत्र में चार हजार से अधिक पुलिसकर्मी मुस्तैद हैं और भीड़ नियंत्रण के लिए 150 बैरियर लगाए गए हैं। इसके अलावा, 6 स्थाई और 37 अस्थाई पुलिस चौकियां बनाई गई हैं।

 

*सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी, पीए सिस्टम से मिल रही जानकारी*

मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को पारदर्शी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। भीड़ पर लगातार नजर रखने के लिए 31 स्थानों पर वॉच टावर बनाए गए हैं और पूरे मेला क्षेत्र में 183 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के जरिए कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके अतिरिक्त, श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं, दिशा-निर्देश और यातायात संबंधी जानकारी देने के लिए 350 पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम स्थापित किए गए हैं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

 

*आवागमन की बेहतर सुविधा*

श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए 61 स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। परिवहन की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा 23 से 31 जुलाई तक 6 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। साथ ही मथुरा जंक्शन पर आधा दर्जन ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव सुनिश्चित किया गया है और प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले गए हैं। उत्तर प्रदेश रोडवेज ने भी 1100 बसों का संचालन शुरू किया है, जिनमें 100 बसें आगरा में रिजर्व रखा गया है।

 

*24 घंटे मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा*

स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। गोवर्धन और आसपास के प्रमुख स्थलों पर 23 अस्थायी चिकित्सा केंद्रों पर 50 से अधिक टीमें तैनात की गई हैं, जो दो पालियों सुबह 8 से रात 8 और रात 8 से सुबह 8 में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं देंगी।

 

*मनमोहक रोशनी से सजे मंदिर*

मेले की रौनक बढ़ाने के लिए प्रमुख दानघाटी मंदिर, मुकुट मुखारविंद मंदिर और जतीपुरा मुखारविंद मंदिर को दूधिया रोशनी और रंग- बिरंगी झालरों से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।

 

*गोवर्धन परिक्रमा का पौराणिक महत्व*

पौराणिक कथाओं के अनुसार, द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठ उंगली पर उठाया था, तभी से इसे ‘गिरिराज जी’ के नाम से पूजा जाता है। मान्यता है कि 21 किलोमीटर की इस पवित्र परिक्रमा को करने से जीवन के सभी पाप नष्ट हो जाते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

 

*पर्यटन सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार*

इस अपार जन आस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योगी सरकार ने बीते 9 वर्षों में गोवर्धन में विकास कार्यों और पर्यटन सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार किया है। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से संपूर्ण परिक्रमा मार्ग का सुंदरीकरण, सड़कों का चौड़ीकरण और अतिक्रमण मुक्त मार्ग सुनिश्चित किया गया है। कुसुम सरोवर का जीर्णोद्धार कर वहां आकर्षक लेजर शो की शुरुआत की गई है, मानसी गंगा के घाटों का कायाकल्प हुआ है और जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक विश्रामालय, पेयजल व्यवस्था और हाई-टेक शौचालय बनाए गए हैं। योगी सरकार के निरंतर प्रयासों ने गोवर्धन को एक विश्वस्तरीय और सुगम तीर्थ स्थल के रूप में स्थापित कर दिया है।

Leave a Comment