*पीएम सूर्य घर योजना से एटा में ऊर्जा क्रांति*
*“हर घर सोलर” अभियान बना बचत, आय और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम*

एटा, 09 अप्रैल 2026 (सू0वि0) — जनपद एटा में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। यह योजना जहां एक ओर बिजली बिल में भारी कमी सुनिश्चित कर रही है, वहीं दूसरी ओर लोगों को ऊर्जा उत्पादन में भागीदार बनाकर आत्मनिर्भरता की नई राह भी दिखा रही है।
जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देशन में जनपद में इस महत्वाकांक्षी योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप अब तक 1735 से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं, जो स्वच्छ ऊर्जा के प्रति बढ़ती जागरूकता और जनसहभागिता का प्रमाण है।
कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान द्वारिकापुरी निवासी लाभार्थी रामनरेश को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह योजना केवल बिजली बिल कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आर्थिक सशक्तिकरण, अतिरिक्त आय सृजन और पर्यावरण संरक्षण का भी प्रभावी माध्यम बन रही है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के बिजली बिल में 80 से 100 प्रतिशत तक की कमी देखी जा रही है। कई उपभोक्ता अपनी आवश्यकता से अधिक बिजली उत्पादन कर उसे विद्युत विभाग को बेचकर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर रहे हैं। इस प्रकार यह योजना “बचत के साथ कमाई” का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रही है।
लाभार्थी रामनरेश ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सोलर प्लांट लगने के बाद उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है। उन्होंने अन्य नागरिकों से भी इस योजना का लाभ उठाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सब्सिडी एवं आसान ऋण सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुड़ें। इच्छुक नागरिक आगरा रोड स्थित नेडा कार्यालय (एचडीएफसी बैंक के निकट) अथवा अधिकृत विक्रेताओं के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन द्वारा प्रतिदिन लाभार्थियों को सम्मानित कर अन्य लोगों को प्रेरित किया जा रहा है, जिससे “हर घर सोलर” का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सके।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) लालता प्रसाद शाक्य, उप जिलाधिकारी अनवर राशिद फारुकी, नेडा विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
**— जिला सूचना कार्यालय, एटा







