सपा के गढ़ मुरादाबाद में 25 जुलाई को ओवैसी करेंगे रैली, जामा मस्जिद मैदान में मुस्लिम समाज को देंगे संदेशBMFNEWS

*सपा के गढ़ मुरादाबाद में 25 जुलाई को ओवैसी करेंगे रैली, जामा मस्जिद मैदान में मुस्लिम समाज को देंगे संदेश*

 

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में होने वाले 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा अभी से हाई होने लगा है। भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के बाद अब ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने भी चुनावी तैयारी शुरू कर दी है।एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी 25 जुलाई को मुरादाबाद में बड़ी जनसभा करेंगे।सपा के मजबूत गढ़ माने जाने वाले इस इलाके में ओवैसी जौहर यूनिवर्सिटी, मुस्लिम समाज से जुड़े मुद्दों और स्थानीय समस्याओं को लेकर सरकार को घेर सकते हैं।एआईएमआईएम ने सभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का दावा किया है।

 

*ओवैसी मुरादाबाद से दिखाएंगे चुनावी ताकत*

 

मुरादाबाद मंडल को लंबे समय से समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है।ऐसे में ओवैसी का यहां जनसभा करना राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है। एआईएमआईएम की कोशिश है कि प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन को मजबूत किया जाए।मुरादाबाद की सभा के जरिए एआईएमआईएम अपने समर्थकों तक पहुंच बनाने और चुनाव से पहले माहौल तैयार करने की कोशिश करेगी।

 

*जौहर यूनिवर्सिटी मुद्दा बन सकता बड़ा मुद्दा*

 

ओवैसी के भाषण में रामपुर की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी का मुद्दा प्रमुख रूप से उठ सकता है।यह यूनिवर्सिटी सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां से जुड़ी हुई है। ओवैसी पहले भी इस मामले को लेकर अपनी बात रख चुके हैं। ओवैसी ने कहा था कि यह केवल एक यूनिवर्सिटी का मामला नहीं है, बल्कि मुस्लिम समाज की शिक्षा और भविष्य से जुड़ा विषय है।

 

*संभल और मंडल के स्थानीय मुद्दों पर रहेगी नजर*

 

मुरादाबाद के अलावा संभल और आसपास के जिलों से जुड़े मुद्दे भी ओवैसी के भाषण का हिस्सा बन सकते हैं।स्थानीय समस्याओं को उठाकर ओवैसी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी। यह सभा ऐसे समय हो रही है जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कार्यक्रम कर चुके हैं। ऐसे में ओवैसी की रैली को सियासी जवाब के तौर पर भी देखा जा रहा है।

 

*जामा मस्जिद मैदान में होगा आयोजन*

 

एआईएमआईएम की ओर से बताया गया है कि मुरादाबाद में रामगंगा किनारे स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद के मैदान में 25 जुलाई को शाम पांच बजे जनसभा होगी। सभा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पार्टी कार्यकर्ता लोगों से संपर्क कर रहे हैं और कार्यक्रम को सफल बनाने की कोशिश में जुटे हैं।एआईएमआईएम के प्रदेश सचिव व मुरादाबाद नगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी वकी रशीद ने कहा,जनसभा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।उन्होंने दावा किया कि असदुद्दीन ओवैसी का भाषण सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे और मैदान छोटा पड़ जाएगा।

Leave a Comment