*आगरा कैंट स्टेशन पर बवाल,आरपीएफ जवान और डिप्टी एसएस में भिड़ंत, मारपीट से मची अफरा-तफरी*
*कैंट स्टेशन पर विवाद; डिप्टी एसएस को घसीटते हुए थाने ले गए आरपीएफ जवान*
आगरा, 12 जुलाई। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रविवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक जवान और डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (डिप्टी एसएस) के बीच तीखी नोकझोंक के बाद मारपीट की नौबत आ गई। आरपीएफ जवान डिप्टी एसएस को घसीटकर थाने ले गए। यह दृश्य देखकर यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, स्टेशन पर एक यात्री के चोटिल होने के बाद डिप्टी एसएस ने संबंधित ट्रेन को कुछ समय के लिए रोकने का फैसला लिया था, ताकि यात्री को आवश्यक सहायता और उपचार उपलब्ध कराया जा सके। इसी दौरान आरपीएफ जवान और डिप्टी एसएस के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।डिप्टी एसएस का आरोप है कि आरपीएफ जवान घायल यात्री को रोककर उससे पैसे वसूलने का प्रयास कर रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे अमृतसर से आने वाली हीराकुंड एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची। तभी एक महिला यात्री नीचे उतरी और कुछ सामान खरीदने लगी। इसी बीच ट्रेन चलने लगी। महिला यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। मगर, वह नहीं चढ़ पाई। स्टेशन पर तैनात डिप्टी एसएसए नरेंद्र चाहर ने महिला को देखा तो वॉकी टॉकी से चालक से ट्रेन को रुकवा दिया। इसी बीच महिला चढ़ने लगी, तभी वहां तैनात आरपीएफ जवान जितेंद्र कुमार ने महिला को चेन पुलिंग के आरोप में रोक लिया। डिप्टी एसएस ने इसका विरोध किया। उन्होंने बताया कि ट्रेन को उन्होंने रुकवाया है। मगर, आरपीएफ कर्मी ने उनकी बात नहीं मानी। इसको लेकर ही दोनों में विवाद हो गया। मारपीट की नौबत आ गई। आरपीएफ जवान ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद सभी डिप्टी एसएस को घसीटते हुए आरपीएफ थाने ले गए। मारपीट और घसीट कर ले जाने का वीडियो भी वायरल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों अधिकारियों के बीच हुई बहस और हाथापाई से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया गया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई









