अलीगंज में नई पुलिस चौकी निर्माण का मार्ग प्रशस्त, रिपोर्ट बी के दीक्षित

*जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के विशेष प्रयासों से अलीगंज में नई पुलिस चौकी निर्माण का मार्ग प्रशस्त*

*पुलिस विभाग को 0.069 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण संबंधी आदेश जारी*

 

*कानून-व्यवस्था को मिलेगी मजबूती, क्षेत्रीय जनता को उपलब्ध होंगी बेहतर पुलिस सेवाएं*

 

एटा, 07 जुलाई (सूचना विभाग)। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को बेहतर पुलिस सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के विशेष प्रयासों से तहसील अलीगंज क्षेत्र में नई पुलिस चौकी के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। जिलाधिकारी द्वारा आवश्यक राजस्व एवं प्रशासनिक औपचारिकताएं पूर्ण कराते हुए पुलिस विभाग को भूमि हस्तांतरण के संबंध में आदेश पारित कर दिए गए हैं।

जनपद में बढ़ती जनसंख्या, क्षेत्रीय आवश्यकताओं तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के दृष्टिगत कस्बा अलीगंज में पुलिस चौकी की स्थापना की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इस महत्वपूर्ण आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने संबंधित अधिकारियों को उपयुक्त शासकीय भूमि चिन्हित करने एवं आवश्यक राजस्व अभिलेखों का परीक्षण कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों द्वारा विस्तृत परीक्षण एवं सभी विधिक औपचारिकताएं पूर्ण किए जाने के उपरांत भूमि हस्तांतरण की कार्यवाही संपन्न कराई गई।

जिलाधिकारी द्वारा पारित आदेश के अनुसार तहसील अलीगंज के परगना आजमनगर स्थित ग्राम सहोरी की गाटा संख्या-969, क्षेत्रफल 0.069 हेक्टेयर भूमि पुलिस विभाग को पुलिस चौकी निर्माण हेतु हस्तांतरित कर दी गई है। उक्त भूमि पर शीघ्र ही पुलिस चौकी के निर्माण की कार्यवाही प्रारंभ किए जाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि पुलिस चौकी के निर्माण से अलीगंज एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। अपराधों की रोकथाम, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया, प्रभावी गश्त तथा आमजन की सुरक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा। इससे पुलिस एवं जनता के बीच समन्वय भी बेहतर होगा तथा नागरिकों को पुलिस संबंधी सेवाएं अधिक सुगमता एवं शीघ्रता से उपलब्ध हो सकेंगी।

उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य से संबंधित आगामी सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराई जाएं, जिससे पुलिस चौकी का निर्माण शीघ्र प्रारंभ होकर निर्धारित समय में पूर्ण हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने एवं नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा जनहित से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆

Leave a Comment