रिपोर्ट: सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ- सोनभद्र)
ओबरा: तहसील क्षेत्र के सिन्दुरिया गांव में एक भूखंड के बैनामे और नामान्तरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गांव निवासी संजय कुमार जायसवाल ने तहसीलदार के न्यायालय में आपत्ति पत्र दाखिल कर जमीन का नामान्तरण निरस्त करने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में संजय कुमार ने बताया कि आराजी संख्या 78, रकबा 0.8470 हेक्टेयर में से 14 विस्वा 10 धूर जमीन उनके कब्जे में है। उन्होंने कहा कि इस जमीन को लेकर वर्ष 2006 में उपजिला मजिस्ट्रेट राबर्ट्सगंज न्यायालय में वाद संख्या 6/08 दायर किया गया था। तहसीलदार न्यायालय ने 25 जुलाई 2010 को वाद अग्रसारित किया था और 30 अगस्त 2011 को उपजिला मजिस्ट्रेट ने इसकी पुष्टि भी की थी।
आवेदनकर्ता का आरोप है कि इसी जमीन को विश्वजीत पाण्डेय ने किरन देवी के नाम बैनामा कर दिया। जबकि हकीकत में बैनामे के समय से अब तक किरन देवी का उक्त जमीन पर कोई कब्जा नहीं है।
संजय कुमार ने न्यायालय से प्रार्थना की है कि उक्त तथ्यों के आधार पर किरन देवी के नाम हुए नामान्तरण को निरस्त किया जाए। इस मामले में अब तहसील न्यायालय के आदेश का इंतजार है।









