मंडलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड, विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा, रिपोर्ट निशा कांत शर्मा

*मंडलायुक्त ने सीएम डैशबोर्ड, विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा*

 

*योजनाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश*

 

*मंडलायुक्त के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा- जिलाधिकारी*

 

*युवा स्वरोजगार, सौर ऊर्जा, अग्नि सुरक्षा,कृषि, छात्रवृत्ति, विद्युत सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था पर विशेष जोर*

 

 

एटा 30 जून।मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ संगीता सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, विकास कार्यक्रमों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में मंडलायुक्त ने सर्वप्रथम प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र परिवारों के आवेदन कराकर उन्हें योजना से लाभान्वित कराया जाए, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ आमजन के बिजली व्यय में भी कमी आए,समाज कल्याण विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि छात्रवृत्ति योजनाओं का डाटा समय से पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा अधिकाधिक पात्र छात्र-छात्राओं को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

समीक्षा के दौरान विगत बैठक में दिए गए निर्देशों के बावजूद रजनीगंधा एवं ट्यूबरोज़, गार्डेनिया (फूल) की खेती को बढ़ावा देने के संबंध में अपेक्षित कार्यवाही न किए जाने पर मंडलायुक्त ने जिला उद्यान अधिकारी के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दिए गए निर्देशों का अनुपालन न होना अत्यंत गंभीर विषय है उन्होंने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए,

उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि यदि किसी योजना के क्रियान्वयन में कोई समस्या अथवा बाधा हो तो उसे समय रहते अपने उच्चाधिकारियों, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के संज्ञान में लाकर उसका समाधान सुनिश्चित कराएं,पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी के बैठक में अनुपस्थित पाए जाने पर मंडलायुक्त ने उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कृषि विभाग की समीक्षा में उन्होंने किसानों को कम जल में तैयार होने वाली फसलों की खेती के लिए प्रेरित करने, संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग के प्रति जागरूक करने तथा उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही परंपरागत खेती के स्थान पर आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने को कहा।

विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि हाईटेंशन विद्युत लाइनों का विशेष अभियान चलाकर निरीक्षण किया जाए तथा जहां भी लाइनें निर्धारित मानकों से नीचे हों, उन्हें तत्काल ऊंचा कराया जाए ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा में बैंक स्तर पर ऋण वितरण में शिथिलता पाए जाने पर मंडलायुक्त ने उपायुक्त उद्योग को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा बैंक अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर लक्ष्य के अनुरूप अधिकाधिक ऋण स्वीकृत कराए जाएं, जिससे युवा स्वरोजगार स्थापित कर अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकें।

कार्यदायी संस्थाओं द्वारा विभिन्न परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित संस्थाओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को नंद बाबा दुग्ध योजना के अंतर्गत नंदिनी योजना से लाभार्थियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पूरी दृढ़ता एवं प्रभावशीलता के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मंडलायुक्त द्वारा दिए गए प्रत्येक निर्देश का शत-प्रतिशत, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग नियमित अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय सीमा में प्रगति सुनिश्चित करें।

बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त मंशाराम, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, प्रभागीय वनाधिकारी विपिन वर्मा, अपर जिलाधिकारी वि0रा0 लालता प्रसाद शाक्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. बलवीर सिंह, उप निदेशक कृषि सुमित कुमार, उपायुक्त उद्योग अर्चना कुमारी सहित समस्त विभागाध्यक्ष एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार द्वारा किया गया।जिला सूचना कार्यालय एटा 👆

Leave a Comment