WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.49 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.48 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 P
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.51 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50
WhatsApp Image 2026-08-14 at 8.40.50 PM

सोन नदी हादसा: 25 घंटे बाद दो युवकों के शव बरामद, तीसरे की तलाश जारी

रिपोर्ट सत्यदेव पांडे ( ब्यूरो चीफ -सोनभद्र)

चोपन (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के मितापुर गांव स्थित सोन नदी में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे के बाद गुरुवार को करीब 25 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद डूबे तीन युवकों में से दो के शव बरामद कर लिए गए। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस एवं गोताखोरों की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर 18 वर्षीय संदीप निषाद पुत्र रविंदर निषाद तथा 10 वर्षीय दीपक केवट पुत्र भगवान दास के शव को नदी से बाहर निकाला। वहीं 16 वर्षीय बोल बम केवट पुत्र लोधी केवट की तलाश समाचार लिखे जाने तक जारी रही।
शव बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। ओबरा तहसील की राजस्व टीम, चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता सहित प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार मितापुर निवासी रतन केवट की पुत्री के चौथी कार्यक्रम में शामिल होने आए दीपक केवट और बोल बम केवट परिजनों के साथ सोन नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में संदीप निषाद भी नदी में उतर गया, लेकिन वह भी पानी की तेज धारा और गहराई की चपेट में आकर डूब गया। घटना के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल व्याप्त है। हादसे की सूचना मिलने पर नगर पंचायत चोपन के अध्यक्ष उस्मान अली भी घटनास्थल पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने तथा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। इधर ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्धारित क्षेत्र से बाहर हो रहे अवैध बालू खनन के कारण सोन नदी कई स्थानों पर अत्यधिक गहरी और दलदली हो गई है, जिससे आए दिन हादसे होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने अवैध बालू खनन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन की ओर से अवैध खनन को हादसे का प्रत्यक्ष कारण मानने से इनकार किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है तथा लापता किशोर की तलाश के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है। पूरे क्षेत्र की निगाहें अब तीसरे युवक के सुरक्षित अथवा शव बरामद होने की सूचना पर टिकी हुई हैं। मौके पर अपर जिलाधिकारी बागेश शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, उप जिलाधिकारी विवेक सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा, थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिकेत निषाद,पूर्व जिलाध्यक्ष रोहित बिंद,सपा जिलाध्यक्ष रामनीहोर यादव, क्षेत्रीय लेखपाल, प्रधान प्रतिनिधि शिवेंद्र साहनी सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Shakeer Akhtar
Author: Shakeer Akhtar

Leave a Comment